कर्नाटक के तुमकुर सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत

एक बड़े सड़क हादसे में कर्नाटक के तुमकुर में शनिवार को 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। यह हादसा बस के पलटने से हुआ।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा पावागड़ा के पास तब हुआ जब एक यात्री बस पलट गयी। हादसे के समय बस में 50 से अधिक लोग सवार थे। चालक के बस पर से नियंत्रण खो देने के बाद यह सड़क पर पलट गयी। हादसे में 8 लोगों की जान चली गयी जबकि गंभीर घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया।

घायलों में छात्र भी शामिल हैं। कुछ घायलों की हालत काफी गंभीर बताई गयी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। बचाव अभियान शुरू किया गया। कुछ घायलों को बैंगलोर अस्पताल में भर्ती किया गया है।

हादसे पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दुख जताया है। एक ट्वीट में नायडू ने कहा – ‘कर्नाटक के तुमकुर में एक बस दुर्घटना में लोगों की मौत के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।’